गौरीगंज -अमेठी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मंगलवार को गौरीगंज में निकाली गई भव्य एकता यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रप्रकाश मिश्र मटियारी ने किया। उनके नेतृत्व में मुसाफिरखाना तिराहे से गाजे-बाजे और जयघोष के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महिला-पुरुष, युवा और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
यात्रा पूरे रास्ते उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आगे बढ़ी। थाने के समीप स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जबकि हनुमान तिराहे पर जलपान की व्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। बढ़ती भीड़ और लोगों के उत्साह ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। यात्रा मटियारी भवन पहुंचकर संपन्न हुई, जहां चंद्रप्रकाश मटियारी ने अतिथियों का स्वागत किया और एकता के संदेश को दोहराया।

अपने संबोधन में चंद्रप्रकाश मटियारी ने कहा कि सरदार पटेल ने 563 रियासतों को जोड़कर भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरदार पटेल के सपनों के भारत को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल का नाम इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि भाजपा अपने महापुरुषों के आदर्शों पर चलते हुए नए भारत का निर्माण कर रही है। प्रवासी आर.ए. वर्मा ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए।
यात्रा और कार्यक्रम में विजय विक्रम सिंह, संजय सिंह, प्रभात शुक्ला, अरुण मिश्रा, विद्यमान तिवारी अनुराग, उत्तम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चंद्रप्रकाश मटियारी के नेतृत्व में गौरीगंज ने इस आयोजन के माध्यम से एकता, सद्भाव और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश दिया।


