रिपोर्टर- आशीष कसौधन
उतरौला में विकास कार्यों को लेकर मांगा सहयोग।

उतरौला( बलरामपुर ) उतरौला नगरपालिका परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री से विशेष रूप से सहयोग करने का निवेदन किया। अनूप गुप्ता ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना समेत अन्य कई प्रस्ताव रखे,जिस पर मुख्यमंत्री ने सहयोग करने का आश्वासनभी दिया है। अनूप गुप्ता ने बताया कि नगर के बहुआयामी विकास को लेकर योगी जी के साथ महत्वपूर्ण और साकार पहल हुई है । उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई प्रस्ताव मुख्यमंत्री जी के समक्ष हमने रखा जिस पर उन्होंने गंभीरता पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।। उन्होंने विशेष रूप से नगर क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना का अनुरोध किया। इससे बाल विकास, महिला सशक्तिकरण और प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने आवश्यक मार्गदर्शन और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छोटे नगरों एवं कस्बों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उतरौला जैसे नगरों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर शासन गंभीर है।अनूप चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा, “यह उतरौला नगर के लिए गौरव की बात है कि मुख्यमंत्री जी ने व्यक्तिगत रूप से मिलने का समय दिया। उन्होंने विकास के प्रस्तावों को गंभीरता से सुना। यह नगरवासियों की आशाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”उन्होंने उतरौला की जनता की ओर से मुख्यमंत्री को आभार प्रकट किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से उतरौला निकट भविष्य में मॉडल नगर के रूप में विकसित होगा।
इस भेंट से नगरवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। यह बैठक नगर क्षेत्र में शहरी सुविधाओं, शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक सशक्त पहल मानी जा रही है।