पूर्व सांसद प्रत्याशी और अधिवक्ता युगल किशोर शुक्ला के साथ दर्जनों वकील रहे मौजूद।

(बलरामपुर )पूर्व सांसद प्रत्याशी एवं अधिवक्ता युगल किशोर शुक्ला ने रेल मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिला अधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह को सौंपा जिसमें कहा गया है कि श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र और जनपद बलरामपुर के विकास खण्ड हर्रैया सतघरवा में कोई रेलवे लाइन नहीं है हरैया सतघरवा ब्लॉक का सबसे करीबी रेलवे स्टेशन कौवापुर है जिस पर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15069 नहीं रुकती है इसलिए कौवापुर और बलरामपुर सिटी के झारखंडी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ठहराव सुनिश्चित कराया जाए । इसके अलावा झारखंडी स्टेशन से होकर गुजरने वाली अन्य सभी ट्रेनों का ठहराव भी किया जाए जिससे बलरामपुर नगर की जनता को सुविधा मिल सके।

गोरखपुर से बस्ती होकर गोण्डा जंक्शन व गोरखपुर से बढ़नी बलरामपुर होकर गोण्डा जंक्शन तक दो अलग अलग रेलवे लाइन है किंतु गोरखपुर से बस्ती होकर गोण्डा रेलवे लाइन पर सैकड़ों ट्रेनें चलती हैं वहीं गोरखपुर से बढ़नी बलरामपुर होकर गोण्डा जंक्शन रेलवे लाइन पर बामुश्किल एक दर्जन ट्रेनें ही आवागमन करती हैं इस रेलवे लाइन पर अधिकतर माल गाड़ियां ही दौड़ती है ।इस रेलवे लाइन पर दिल्ली, मुंबई, लुधियाना,पंजाब, अमृतसर, कलकत्ता, इलाहाबाद आदि महानगरों को जाने वाली ट्रेनों की संख्या न के बराबर है । जबकि जनपद में अन्य प्रदेशों और महानगरों में जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है।बलरामपुर जिले को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए विशेषरूप से गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को इस लाइन पर चलाने अति आवश्यक हो गया है। जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों से बाहर जाकर रोजी रोटी कमाने वाले गरीबों, मजदूरों, किसानों एवं आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। साथ ही मां पाटेश्वरी शक्ति पीठ देवीपटन में चैत्र नवरात्रि से एक माह तक चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाया जा सके। इस अवसर पर युगल किशोर शुक्ल के साथ एडवोकेट ग़यास अहमद खान, रूपेश शुक्ल, जनार्दन दूबे, नृपेन्द्र उपाध्याय, आशीष शुक्ला, सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।


